लाइव पलामू न्यूज/लातेहार: एक बार फिर से जिले में नक्सलियों ने अपनी धमक दर्ज करवाई है। दरअसल, विगत रात्रि नक्सलियों ने हेरहंज थाना क्षेत्र के लात जंगल में कोयला परिवहन करने वाले 5 हाइवा वाहनों को जला दिया। वहीं घटनास्थल पर लगभग 10 राउंड फायरिंग भी की। इतना ही नहीं इस दौरान झारखंड प्रस्तुति कमेटी उग्रवादी संगठन के नाम से एक पर्चा भी फेंका गया। इस घटना में सभी हाइवा जलकर खाक हो गया है।

क्या है मामला:-
दरअसल, मंगलवार की रात लातेहार तुबेद कोलियरी से कोयला परिवहन कार्य में लगे पांच हाइवा साइडिंग में कोयला डंप कर वापस लौट रही थी। इसी दौरान लात जंगल के पास लगभग 12 की संख्या में हथियारबंद नक्सलियों ने वाहनों को रोका और वाहन चालकों की पिटाई की। जिसके बाद पांच वाहनों में आग लगा दी। वहीं लगभग 10 राउंड फायरिंग भी की। इस घटना के बाद नक्सलियों ने झारखंड प्रस्तुति कमेटी उग्रवादी संगठन के नाम से एक पर्चा फेंककर घटना की जिम्मेवारी भी ली। इस पर्चे में लिखा हुआ है कि बिना संगठन से वार्ता किए यदि कोयला परिवहन किया गया तो अंजाम बुरा होगा। इधर इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। इस बाबत एसपी कुमार गौरव ने बताया कि कोयला डंप कर लौट रही गाड़ियों में उग्रवादियों ने आग लगायी गई है। मामले की छानबीन की जा रही है। वहीं उग्रवादियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है। बताते चलें कि कुछ माह पूर्व भी नक्सलियों ने इसी रास्ते में कोयला परिवहन करने वाले वाहनों में आग लगा दी थी।
