लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: जिले से बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जहां दो अलग-अलग जगहों पर लूट की घटना को अंजाम दिया गया। जहां सदर थाना क्षेत्र में सिंगरा में एक शराब की दुकान में लूट की घटना हुई। वहीं पोखराहा इलाके के सीएसपी में भी लूटपाट की गई। अपराधियों ने शराब दुकान के सेल्समैन पर हमला भी किया है। इस हमले में सेल्समैन को गंभीर रूप से चोट लगी है और उसे इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। वहीं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

घटना बुधवार रात की है। बताया जा रहा है कि बुधवार को बाइक सवार अपराधी पोखराहा के सीएसपी पहुंचे और हथियार के बल पर 50 हजार रुपए लूट लिए। इस दौरान अपराधियों ने सीएसपी संचालक का मोबाइल भी लूट लिया। पुलिस ने बाद में नेशनल हाइवे से सीएसपी संचालक का मोबाइल बरामद किया।
इधर सदर थाना क्षेत्र के सिंगरा में बुधवार की देर रात अपराधी शराब की दुकान में पहुंचे और सेल्समैन पर हमला कर दिया। तत्पश्चात अपराधी दुकान से हजारों रुपए नगद लेकर फरार हो गए। इस घटना में सेल्समैन मंजीत कुमार सिंह को सिर में चोट लगी है और उन्हें इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया है। दोनों घटनाओं की पुष्टि थाना प्रभारी उत्तम कुमार ने की है उन्होंने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।