लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर : जिले से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां सोमवार की रात जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के सेमरबार रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने एनएच 139 मुख्य मार्ग पर खड़े ट्रक में ट्रेलर ने पीछे से टक्कर मार दी। घटना में ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक ट्रेलर चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के रियोटिपुर निवासी कन्हैया सिंह यादव के 21 वर्षीय पुत्र राम बहादुर सिंह यादव के रूप में हुई है।

हादसे की भीषणता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि ट्रेलर के परखच्चे उड़ गए और ड्राइवर बुरी तरह से केबिन में फंस गया था। घंटों की मशक्कत के बाद ड्राइवर के शव को जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि एनएच 139 मुख्य मार्ग पर पहले से एक ट्रक सड़क के किनारे खड़ा था। इसी बीच औरंगाबाद की ओर से गढ़वा की ओर जा रहा ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
इधर घटना की सूचना पर हरिहरगंज पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी के जरिए केबिन में फंसे चालक के शव को निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद भेज दिया गया।