लाइव पलामू न्यूज/लातेहार: गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लातेहार पुलिस ने कोल ट्रांसपोर्टिंग में लगे हाइवा में आगजनी और गोलीबारी करने वाले जेजेएमपी उग्रवादी संगठन के दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय कुमार और उपेन्द्र यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से एक अमेरिकन मेड रायफल एक एसएलआर और एक देशी रायफल बरामद किया है। इसके अलावा भारी संख्या में कारतूस, पोस्टर समेत कई अन्य सामान भी बरामद किया है। उक्त आशय की जानकारी मंगलवार की शाम प्रेसवार्ता करते हुए लातेहार पुलिस ने दी।

लातेहार पुलिस ने बताया कि 20 नवंबर की रात करीब एक बजे जिला के हेरहंज थाना क्षेत्र में लातेहार नवादा मुख्य सड़क के लात जंगल में अज्ञात अपराधकर्मियों ने तुबैद कोल माइंस से बालूमाथ कुसमाही साइडिंग के बीच चलने वाले पांच हाईवा को आग के हवाले कर दिया था। कांड के अनुसंधान के दौरान एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि इस कांड में शामिल उग्रवादी बन्दुवा जंगल के इलाके में दोबारा आगजनी एवं फायरिंग करने की योजना बनाने के लिए एकत्रित हुए है।
जिसके बाद एसपी के निर्देशानुसार गठित टीम हेरहंज थाना क्षेत्र के बन्दुवा जंगल पहुंचे। जहां पुलिस को देखते ही उग्रवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। पुलिस को भारी पड़ता देख जंगल का फायदा उठाते हुए भाग खड़े हुए। इसी दौरान पुलिस ने दो लोगों को धर दबोचा।