लाइव पलामू न्यूज/लातेहार: मंगलवार को सदर थाना क्षेत्र के डुंडगी गांव के पास सड़क के किनारे झाड़ियों से एक युवक का शव बरामद हुआ है। जिसकी पहचान जिला मुख्यालय के चटनाही निवासी श्रीराम लोहरा के रूप में हुई है। युवक के सिर में गहरे चोट के निशान पाये गये हैंं। इससे आशंका जतायी जा रही है कि उसकी हत्या की गयी है। दरअसल, मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि डुड़गी गांव में सड़क के पास एक युवक का शव पड़ा है।

जिसके बाद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा के निर्देश पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सदर अस्पताल लायी। जहां शव की शिनाख्त होने के बाद इसकी सूचना परिजनों को दी गयी। इस संबंध में परिजनों ने बताया कि श्रीराम एक वैवाहिक कार्यक्रम में भाग लेने गया था और वहां से वापस घर लौट रहा था। शव के पोस्टमार्टम के पश्चात शव को परिजनों को सौंप दिया गया।