लाइव पलामू न्यूज: अल्लू अर्जुन की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘पुष्पा 2: द रूल’ गुरुवार, 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। लेकिन प्रीमियर शो के दौरान एक सिनेमाघर में उमड़ी भीड़ में फंसने के कारण दम घुटने से एक महिला की मौत हो गई वहीं उसके बेटे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि घटना बुधवार रात को उस समय हुई जब बड़ी संख्या में फैन अभिनेता अल्लू अर्जुन की एक झलक पाने के लिए सिनेमाघर में उमड़ पड़े।

पुलिस ने कहा कि सिनेमाघर प्रबंधन ने अभिनेता और फिल्म के अन्य सदस्यों के आगमन के बारे में कोई पूर्व सूचना नहीं दी। ना ही कोई इंतजाम किया गया था। बताया जा रहा है कि भारी भीड़ आगे बढ़ी और सिनेमाघर में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे महिला तथा उसका बेटा भीड़ में फंस गए। लोगों के धक्के के दौरान दोनों दम घुटने से बेहोश हो गए।

पुलिसकर्मियों ने महिला और उसके बेटे को ‘कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर)’ देने का प्रयास किया तथा उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां महिला की मौत हो गई। उसके बेटे का इलाज जारी है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बढ़ती भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *