लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर : जिले से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। दरअसल, टाउन थाना क्षेत्र से एक सात महीने की गर्भवती महिला का शव बरामद किया गया है। मृतका की पहचान प्रिया कुमारी के रूप में हुई है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मृतका के पति, सास और ससुर को गिरफ्तार किया है। मृतका के परिजनों ने शुक्रवार को ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि मेदिनीनगर टाउन थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र के बैरिया के इलाके में प्रिया का शव उसके घर से बरामद किया गया है।

घटना की सूचना पर मेदिनीनगर टाउन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को अपने कब्जे में लिया। प्रिया के मायके वालों ने बताया कि 2024 में प्रिया की शादी मणिकांत तिवारी के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही प्रिया को प्रताड़ित किया जा रहा था। जब गुरुवार को मायके के लोग प्रिया को लेने गए तो उसकी विदाई नहीं की गई। जिसके बाद शुक्रवार की अहले सुबह खबर आई की प्रिया ने आत्महत्या कर लिया है। लेकिन शव देखकर नहीं लगता है कि उसने आत्महत्या की है।
लड़की के परिजनों ने बताया कि प्रिया को दहेज के लिए ससुराल वाले अक्सर प्रताड़ित किया करते थें। मामले में कई बार सामाजिक पंचायत भी हुई थी। इस संबंध में मेदिनीनगर टाउन थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि मृतका के पिता के बयान के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मृतका के पति, सास और ससुर को गिरफ्तार किया गया है।