लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: जिले से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां मंगलवार को सदर थाना क्षेत्र के जोरकट में बाइक सवार अपराधियों ने एक मजदूर को गोली मार दी। गोली मजदूर के पैर में लगी है। घायल मजदूर को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल में भर्ती करवाया गया है। इधर घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन कर रही है।

घायल मजदूर की पहचान मनीष कुमार सतबरवा थाना क्षेत्र के पोलपोल निवासी के रूप में हुई है। मनीष नेशनल हाइवे फोरलेन के टोल निर्माण में मजदूरी का कार्य करता है। इसी क्रम में मंगलवार को मनीष टोल निर्माण स्थल पर था। इसी क्रम में बाइक सवार अपराधी मौके पर पहुंचे और फायरिंग की। जिसमें मनीष के पैर में गोली लगी है। इस संबंध में मनीष ने बताया कि अपराधी घटनास्थल पहुंचे और पूछ रहे थें कि कौन निर्माण कार्य कर रहा है।
इस दौरान अपराधियों ने मजदूरों पर हथियार भी ताना था, इसी क्रम में गोली चली है। इधर घटना की सूचना पर सदर एसडीपीओ मणिभूषण प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है। एसडीपीओ मणिभूषण प्रसाद ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है। मनीष को मजदूरी के दौरान गोली मारी गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस को छानबीन के दौरान कई जानकारियां मिली हैं, जिसके बाद छापेमारी की जा रही है।
दरअसल नेशनल हाइवे 75 फोरलेन का कार्य चल रहा है। जिसमें सदर थाना क्षेत्र के जोरकट में फोरलेन का निर्माण कार्य चल रहा है। जहां अपराधियों ने फायरिंग की है।