लाइव पलामू न्यूज: राज्य में इन दिनों कड़ाके की ठंड और घने कुहासे का प्रकोप लगातार जारी है। राजधानी समेत पूरे राज्य में सुबह के समय कम दृश्यता के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात खासी प्रभावित है। गुरुवार को रांची एयरपोर्ट पर दृश्यता कम होने की वजह से चार विमानों को कोलकाता और रायपुर डायवर्ट करना पड़ा। वहीं रेल सेवाओं पर भी इसका असर दिखाई पड़ रहा है।

वहीं मौसम विभाग ने झारखंड के 11 जिलों पलामू, गढ़वा, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में कुहासे का अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में ठंड ने अपना असर दिखाया। जहां रांची का न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले 24 घंटों में दो डिग्री गिरा। वहीं लोहरदगा का तापमान 3.2 डिग्री तक पहुंच गया।
मैकलुस्कीगंज में तापमान 1.5 डिग्री और कांके में 4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक ठंडी हवाओं का प्रकोप जारी रहेगा। उत्तर से आ रही सर्द हवाओं के कारण ठंड में और बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं 12 जनवरी के बाद पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में वृद्धि की संभावना जताई जा रही है।