लाइव पलामू न्यूज/धनबाद: जिले से बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। दरअसल, शनिवार को डिगवाडीह स्थित कार्मेल स्कूल में 10वीं की छात्राएं स्कूल के आखिरी दिन को यादगार बनाने के लिए पेन डे मना रही थीं। छात्राएं एक-दूसरे की शर्ट पर शुभकामनाएं लिख रही थीं। लेकिन उनका यह करना प्रिंसिपल एम देवश्री को इतना नागवार गुजरा कि प्रिंसिपल ने पहले तो सभी छात्राओं की क्लास लगाई। इसके बाद उन्होंने स्कूल की करीब 100 छात्राओं की शर्ट उतरवा दी। इतना ही नहीं शर्ट उतरवाने के बाद किसी भी छात्रा को शर्ट पहनने की इजाजत नहीं दी गई।

छात्राओं को ब्लेजर पहनाकर ही घर भेज दिया गया। वहीं छात्राएं रोती रहीं और स्कूल प्रबंधन से गुहार लगाती रहीं, लेकिन किसी ने उनकी एक नहीं सुनी। घर पहुंचकर छात्राओं ने रोते हुए अपने माता-पिता को घटना की सूचना दी। अब इस पेन डे को छात्राएं ट्रॉमेटिक डे बता रही हैं। इधर घटना की सूचना पर झरिया विधायक रागिनी सिंह अभिभावकों के साथ डीसी कार्यालय पहुंचीं और डीसी माधवी मिश्रा से वार्ता की। अभिभावकों ने बताया कि डीसी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि यह घटना पूरी तरह दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है।
वहीं इस संबंध में डीसी माधवी मिश्रा ने कहा कि जिला प्रशासन इस मामले गंभीरता से ले रहा है। मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। यह कमेटी स्कूल में जाकर पूरे मामले की जांच करेगी। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।