लाइव पलामू न्यूज/रांची: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण राज्य में 14 जनवरी तक हल्के बादल व धुंध छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो 14 जनवरी को राज्य में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे के कोहरे या धुंध बनने के बाद आसमान साफ हो जाएगा। इसके बाद तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहेगा। हालांकि झारखंड में बादल छाए रहने के कारण रात में कनकनी से थोड़ी राहत मिली है, लेकिन बादल की वजह से दिन के तापमान में गिरावट जारी रह सकती है। वहीं 15 जनवरी के बाद मौसम साफ होने की संभावना है।

इधर 15 से 18 जनवरी तक सुबह में कोहरे बनने के बाद आसमान में आंशिक बादल की संभावना व्यक्त की गई है। 14, 15 और 16 जनवरी को दोबारा ठंड का प्रकोप बढ़ेगा। इन 3 दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है। मौसम विभाग ने राजधानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा के साथ अन्य जिलों में कोहरे के अलर्ट के साथ बादल और बारिश की आशंका जताई है।