लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: शुक्रवार को ट्रेन की चपेट में आकर एक ट्रैक मैन की मौत हो गई। मृतक की पहचान अभिषेक कुमार बिहार के गया निवासी के रूप में हुई है। वह डालटनगंज रेलवे स्टेशन पर तैनात था। घटना की सूचना पर मेदिनीनगर टाउन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। घटना की सूचना पर मृतक के परिजन गया से पलामू के लिए रवाना हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार की अहले सुबह अभिषेक कुमार रेलवे पटरी का पेट्रोलिंग कर रहा था। इस क्रम में सुदना रेलवे ओवरब्रिज के पास वह अहमदाबाद-कोलकाता एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। जिस वक्त अभिषेक कुमार रेलवे पटरी का पेट्रोलिंग कर रहा था उस दौरान अप एंड डाउन लाइन पर ट्रेनें थी। दुर्घटना के वक्त पूरा इलाका कोहरे की चपेट में था। दुर्घटना के बाद रेलवे ट्रैक पर कुछ देर के लिए ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया था।
इस संबंध में मेदिनीनगर टाउन थाना प्रभारी गुलशन बिरुआ ने बताया कि ट्रेन दुर्घटना में अभिषेक कुमार की मौत होने की सूचना मिली है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। इधर ट्रैक मैन की मौत के बाद अन्य ट्रैक मैन आक्रोशित हैं। उनका कहना है कि वे 16 किलोमीटर तक पेट्रोलिंग करते हैं और उनके पास कोई भी सेफ्टी डिवाइस नहीं है। सेफ्टी डिवाइस रहने से यह पता चल जाता है कि ट्रेन कौन सी पटरी पर आ रही है।