लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: शनिवार की रात सदर एसडीओ सुलोचना मीणा ने पलामू स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज में छापेमारी की। जिससे आक्रोशित मेडिकल स्टूडेंट ने प्रिंसिपल को घेर कर घंटों प्रदर्शन किया। दरअसल, शनिवार की रात सदर एसडीओ सुलोचना मीणा पुलिस बल के साथ पोखराहा स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंचीं। जहां उन्होंने गर्ल्स और बॉयज हॉस्टल खंगाला। इस दौरान हॉस्टल के कमरे से आपत्ति जनक सामान बरामद हुए।

इस संबंध में एसडीओ ने रविवार की दोपहर बताया कि मेडिकल कॉलेज में विधि व्यवस्था और नशेबाजी को लेकर जानकारी मिली थी। जिसके बाद दंडाधिकारी की मौजूदगी में मेडिकल कॉलेज खंगाला गया। इस दौरान छात्रों ने जांच में सहयोग नहीं किया। कई कमरों को अंदर से बंद कर दिया गया, जिसे खुलवाने पर भी नहीं खोला गया।
जांच के दौरान छात्रों के कमरे से नशीले पदार्थ मिले हैं। गांजा और शराब के बोतल भी बरामद किए गए हैं। वहीं लड़कों के कमरे से लड़कियों के कपड़े भी मिले हैं। इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल का कहना है कि विद्यार्थियों पर अब तक कोई रोक टोक नहीं था। जब उन्होंने कड़ाई की तो विद्यार्थी उन पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।