लाइव पलामू न्यूज/गढ़वा: मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने गढ़वा अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दाखिल खारिज, अतिक्रमण, भूमि विवाद, भू अर्जन और नागरिक सेवाओं से जुड़े लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि झारखंड राइट टू सर्विस एक्ट का पालन करते हुए सभी मामलों का ससमय निस्तारण करें।

समीक्षा में पाया गया कि दाखिल खारिज का 90 दिनों से अधिक का कोई मामला लंबित नहीं है। एसडीओ ने कहा कि बिना ठोस कारण किसी आवेदन को खारिज न करें। यदि किसी दस्तावेज की कमी हो, तो आवेदक को उसे सुधारने का मौका दें। उन्होंने राजस्व कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यालय दिवस को छोड़कर सप्ताह के अन्य दिनों में क्षेत्र भ्रमण करें। भूमि विवाद, अतिक्रमण और भू अर्जन मामलों की जांच स्थल पर जाकर करें और प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।
उन्होंने कहा कि फील्ड वर्क से न केवल लंबित विवाद कम होंगे, बल्कि अतिक्रमण पर भी नजर रखी जा सकेगी। चिनियां रोड चौड़ीकरण के तहत ध्वस्तीकरण में आने वाले भूखंडों की स्थिति का जायजा लेते हुए एसडीओ ने श निर्देश दिया कि प्रथम चरण में गैर मजूरवा भूखंडों को खाली कराने की प्रक्रिया पूरी कर शीघ्र ध्वस्तीकरण किया जाए। वहीं आय, जाति, आवासीय और ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र जैसे नागरिक सेवाओं से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों की संख्या कम होने पर संतोष व्यक्त किया। वहीं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को प्राथमिकता के आधार पर प्रमाण पत्र जारी करने का निर्देश भी अधिकारियों को दिया।