लाइव पलामू न्यूज/बोकारो: बुधवार की सुबह जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र बेरमो के पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र के ऊपरघाट स्थित बंशी और जरवा के जंगल में पुलिस और CRPF के जवानों की और प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी की मुठभेड़ हुई। जिसमें एक महिला नक्सली समेत दो नक्सली मारे गए हैं,
वहीं दो पुलिसकर्मी घायल बताए जा रहे हैं। मुठभेड़ में मारी गई महिला नक्सली की पहचान रणविजय महतो की पत्नी के रूप में हुई है। मुठभेड़ में घायल हुए दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि हाल ही में गिरफ्तार हार्डकोर नक्सली रणविजय महतो की पत्नी सहित छह नक्सली इलाके में छिपे हुए हैं। जिसके बाद बोकारो एसपी के नेतृत्व में पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने जंगल को घेर लिया। सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने भी मोर्चा संभालते हुए फायरिंग की। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को 15 लाख के इनामी नक्सली रणविजय महतो को चंद्रपुरा से गिरफ्तार किया गया था।

इस मुठभेड़ के बाद बोकारो पुलिस और CRPF की टीम इलाके में अन्य नक्सलियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चला रही है। एसपी ने बताया कि जल्द ही पूरे क्षेत्र को नक्सलियों से मुक्त करवाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *