लाइव पलामू न्यूज/लातेहार: बुधवार को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए समाहरणालय परिसर से मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। मैराथन दौड़ को उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मौके पर उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा और ट्रैफिक सिग्नलों के पालन पर विशेष जोर दिया।

मैराथन दौड़ समाहरणालय परिसर से कारगिल चौक होते हुए जिला खेल स्टेडियम में समाप्त किया गया। मैराथन के दौरान प्रतिभागियों ने नारे लगाकर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। दौड़ के दौरान जिला स्तरीय पदाधिकारी, स्टूडेंट्स, खिलाड़ी ने उत्साह से हिस्सा लिया।
मैराथन के समापन के अवसर पर गुड सेमेरिटन पॉलिसी के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को पहुंचने वाले मनिका प्रखंड के अख्तर अंसारी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उपायुक्त ने आमजन से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का गंभीरता से पालन करें और यातायात के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनें। साथ ही सभी प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा शपथ दिलाई गई।

इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा के बारे में जानकारी दी गई। नुक्कड़ नाटक टीम के सदस्यों ने लोगों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग करने, चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, अत्यधिक रफ्तार से गाड़ी नहीं चलने व जेबरा क्रॉसिंग पर गाड़ी धीरे करने की जानकारी दी।

वहीं सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर (एक घंटे के अंदर ) हॉस्पिटल लेकर जाने पर सरकार द्वारा संचालित गुड स्मेरिटन योजना अंतर्गत सहायता पहुंचाने वाले व्यक्ति को प्रोत्साहन राशि के रुप 5000 रूपये दिया जाता है इसकी भी जानकारी लोगों को दी गयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *