लाइव पलामू न्यूज/गढ़वा: गुप्त सूचना के आधार पर एसडीओ संजय कुमार ने गढ़वा शहर क्षेत्र के नवादा इलाके में अवैध रूप से संचालित एक ईंट भट्ठे पर कार्रवाई की। शहरी क्षेत्र के पास धुआं छोड़ती इस अवैध चिमनी को देखकर एसडीओ ने तत्काल जिला खनन पदाधिकारी से पूछताछ कर मौके पर ही इस लोहे की चिमनी को भट्ठा कर्मियों और अनुमंडल कर्मियों की मदद से ध्वस्त करवा दिया।
नियमानुसार ही संचालित करें व्यवसाय:-
तत्पश्चात एसडीओ ने जिला खनन पदाधिकारी को वैधानिक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही, उन्होंने कहा कि इस मामले की विस्तृत रिपोर्ट प्रदूषण विभाग को भी भेजा जाएगा। एसडीओ ने अनुमंडल क्षेत्र के सभी ईंट भट्ठा संचालकों से अपील किया कि वे नियमानुसार व्यवसाय संचालित करें।
उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खनन, पर्यावरण, प्रदूषण, श्रम और वन विभाग के नियमों का पालन सुनिश्चित करते हुए ही ईंट भट्ठों संचालित करें।