लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: मंगलवार को समाहरणालय सभागार में सुरक्षित इंटरनेट दिवस विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। मौके पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी शशि रंजन ने कहा कि आज के वर्तमान दौर में इंटरनेट बेहद ही महत्वपूर्ण विषय है‌। बिना इंटरनेट के कई कार्य संभव नहीं है। ऐसे में इंटरनेट का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग सबके हित में है।

साइबर फ्रॉड में आ रही है तेजी

कोई भी तकनीक वरदान है या अभिशाप यह उसके उपयोग पर निर्भर करता है। इसी प्रकार इंटरनेट का उपयोग भी यदि सुरक्षित व जिम्मेदारी से किया जाये तो यह आज के समय में बहुत बड़ा वरदान है।

डीसी ने कहा कि कोई भी तकनीक अच्छी या बुरी नहीं होती, बल्कि उसको उपयोग करने के तरीके से उसकी सार्थकता सिद्ध होती है। उन्होंने कहा कि बढ़ते इंटरनेट के उपयोग के साथ ही साइबर फ्रॉड भी उसी रफ्तार से बढ़ रहा है।

जागरूकता के बल से रोका जा सकता है फ्रॉड

इस फ्रॉड को जागरूकता के बल से ही रोका जा सकता है।डीसी ने कार्यशाला में मौजूद लोगों को फाइनेंशियल फ्रॉड, लॉटरी स्कैम, इन्वेस्टमेंट फ्रॉड, केवाईसी फ्रॉड समेत अन्य प्रकार के ऑनलाइन फ्रॉड से कैसे बचना है इस संदर्भ में जागरुक किया। इसके अलावे उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी। साथ ही फ़ोन में पड़े ऐसे एप्प्स जो ज़्यादा इस्तेमाल में नहीं आता उन्हें डिलीट करने को कहा।

इंटरनेट के उपयोग और साइबर खतरों के प्रति किया गया जागरूक

उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद ने कहा कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सभी के बीच सुरक्षित तरीके से इंटरनेट के उपयोग के बारे में जागरूकता फैलाना है। आज इंटरनेट उपयोगिता को देखते हुए उसका सही तरीके से इस्तेमाल बेहद जरूरी है। कार्यशाला में सुरक्षित तरीके से इंटरनेट के उपयोग और साइबर खतरों के बारे में सभी के बीच जागरूकता के महत्व पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि जन-जन को इंटरनेट के सही उपयोग के बारे जागरूक करने की आज बहुत आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *