लाइव पलामू न्यूज : बिहार के बोधगया स्थित बोधिवृक्ष की नियमित जांच की गई। इस दौरान देहरादून से आई जांच टीम ने खुलासा किया कि बोधिवृक्ष से तरल पदार्थ निकल रहा है। टीम में वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) देहरादून के वैज्ञानिक डॉ. संतन भरथवाल व डॉ. शैलेश पांडे शामिल थें।

जांच में टीम ने पाया कि बोधिवृक्ष के मुख्य तना से तरल पदार्थ निकल रहा है। उन्होंने बताया कि यह पुराने पेड़ों की एक स्वाभाविक प्रक्रिया है। जो किसी प्रकार की चिंता की बात नहीं है। पवित्र वृक्ष को किसी तरह का खतरा नहीं है। वैज्ञानिक डॉ. शैलेश पांडे ने बताया कि बोधिवृक्ष अत्यंत स्वस्थ है। पेड़ की पत्तियां हरी और तनावमुक्त हैं।
पत्तियों में किसी भी प्रकार के संक्रमण के संकेत नहीं मिले हैं। बता दें कि वर्ष में चार बार नियमित रूप से वृक्ष की जांच की जाती है। निरीक्षण के दौरान बौद्ध भिक्षु डॉ. मनोज, डॉ. महाश्वेता महारथी, डॉ. अरविंद सिंह, किरण लामा सहित अन्य लोग मौजूद थें।