CRIME NEWS : रविवार देर रात बिहार के भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के लहरपा गांव में बारात के दौरान हुई मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते गोलियां चलने लगीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। फायरिंग में दो युवकों की मौत हो गयी, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गये। जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

भारी संख्या में पुलिस बल तैनात :-
इधर घटना की सूचना पर गड़हनी थानाध्यक्ष रणवीर कुमार, भोजपुर एसपी राज और डीएसपी अब्बू सैफी मुर्तजा समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच कर रही है। पुलिस परिजनों के बयान भी दर्ज कर रही है। पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है।
कानून व्यवस्था ध्वस्त : तेजस्वी यादव
इधर घटना को लेकर राजद नेता तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर हमला करते हुए लिखा, बिहार में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गया है। सरकार का इकबाल भी खत्म हो गया है। दो-दो नकारा उपमुख्यमंत्री दोनों पक्षों की जातियां खोजने में जुटे हैं।
बताया जा रहा है कि, लहरपा गांव निवासी कमलेश सिंह के घर काउप गांव से बारात आयी थी। जैसे ही बारात दरवाजे के पास पहुंची, भीड़ के चलते रास्ते में जाम की स्थिति बन गयी। इसी दौरान थार पर सवार कुछ युवकों की गांव के कुछ अन्य लोगों से कहासुनी हो गयी।
घायलों को कराया गया आरा सदर अस्पताल में भर्ती :-
देखते ही देखते गोलियां चलने लगी। जिसमें राहुल कुमार (24 वर्ष) और लव कुश कुमार (23 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं अप्पू कुमार, पंकज कुमार, प्रमोद कुमार सिंह का 5 वर्षीय बेटा आर्यन, राम लड्डू सिंह का 9 वर्षीय पुत्र लव कुश और 73 वर्षीय बुजुर्ग अक्षय सिंह घायल हो गये। घायलों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल और बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुरानी घटना से जोड़कर देखा जा रहा:-
इस गोलीबारी को 30 सितंबर 2022 की एक पुरानी घटना से जोड़कर देखा जा रहा है, जब बीजेपी नेता बबलू सिंह को गोली मारी गयी थी। दरअसल, मृतक युवकों में से एक को इस मामले में जेल भी जाना पड़ा था।