पलामू : शनिवार, विश्व संगीत दिवस के अवसर पर सांसद बीडी राम ने अपने आवास पर कलाकारों से भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने शिमला में आयोजित राष्ट्रीय नाट्य प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार प्राप्त मासूम आर्ट ग्रुप के कलाकारों को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर सांसद ने कहा की समाज को सकारात्मक दिशा देने में कलाकारों का बहुत बड़ा योगदान है।

उन्होंने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि पलामू के कलाकारों ने शिमला में जाकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर पूरे झारखंड का मान सम्मान बढ़ाने का काम किया है। रंगकर्म एक मुश्किल काम है , पलामू के रंगकर्मी इसे कर रहे हैं यह बहुत बड़ी बात है। कलाकारों ने सांसद से आग्रह किया कि पहले राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए रेलवे कंसेशन मिलते थे, जो कोरोना के समय से बंद हो गए हैं ।
यह फिर से शुरू होने चाहिए, कलाकारों के इस आग्रह पर उन्होंने कहा कि वे इस बिंदू को लेकर रेलवे मंत्री से बात करेंगे। सांसद ने कलाकारों से शिमला के आयोजन के बारे में पूरी जानकारी ली और प्रथम स्थान प्राप्त नाटक को मेदिनीनगर में करने की बात कही। उन्होंने कहा की रंगकर्मी आयोजन करें वे मदद करेंगे। इस अवसर पर युवा नेत्री स्मिता आनंद ने कहा की पलामू में कलाकारों को मान सम्मान मिले और वे सुचारू रूप से अपना कार्यक्रम कर सके इसके लिए हमेशा प्रयास किया जायेगा।
मासूम आर्ट ग्रुप के कलाकार हुए सम्मानित
इस अवसर पर सांसद ने मासूम आर्ट ग्रुप के सभी कलाकारों को सम्मानित किया। पलामू के जाने माने संगीत कलाकार राजा सिन्हा और राम किशोर पाण्डेय ने सांसद को विश्व संगीत दिवस की शुभकामना दी। मासूम के कलाकारों ने सांसद को शिमला में ऑल इंडिया आर्टिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष , एनएसडी के वरीय रंगकर्मी, टीवी स्टार रोहिताश्व गौड़ व उपाध्यक्ष डॉ रेखा गौड़ द्वारा दिए गए स्मृति चिन्ह भेंट किया।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर मुनमुन चक्रवर्ती, संध्या शेखर, कनक लता तिर्की, परिणीता पाल, अमर भांजा, कामरूप सिन्हा, अविनाश तिवारी, राज प्रतीक पाल, मो नसीम, शहजादा तालिब, सूरज शर्मा, उज्ज्वल सिन्हा, गुलशन मिश्रा, आदि मौजूद थें ।कार्यक्रम का संचालन मासूम के सचिव सैकत चटर्जी ने किया।