पलामू :  पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेशन के निर्देशानुसार मनातू थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिश्राव स्थित देवी मंडप के समीप एक दिवसीय जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य मादक पदार्थों की रोकथाम, सड़क सुरक्षा, डायन बिसाही, अंधविश्वास एवं शराब जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करना था।

अभियान में ग्राम बिश्राव सहित सोहे, मितार, अप्टी, सिलदाग, जसपुर, चिड़ीखुर्द, कर्मा, झांटी, गीतहर, नागद, बेटा पत्थर, सीकनी, केदल, सिकदा एवं सस्तीरवा आदि गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी रही।

इस अवसर पर ग्रामीणों को अवैध अफीम की खेती नहीं करने के लिए प्रेरित किया गया तथा इसके दुष्परिणामों एवं कानूनन दंडात्मक प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उपस्थित ग्रामीणों को शपथ दिलाई गई कि वे किसी भी परिस्थिति में अवैध अफीम की खेती नहीं करेंगे और समाज को नशा मुक्त एवं सुरक्षित बनाने में सहयोग करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा नियमों, डायन बिसाही जैसी कुप्रथाओं और अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता संदेश दिए गए, जिससे ग्रामीण जनमानस को सचेत किया जा सके।

यह अभियान समाज में जागरूकता लाने की दिशा में एक सराहनीय पहल है, जो पलामू पुलिस के जनहितकारी प्रयासों को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *