सतबरवा (पलामू): प्रखंड क्षेत्र के बोहिता पंचायत अंतर्गत लोहड़ी गांव में 11 केवी हाईटेंशन लाइन का एक खंभा पूरी तरह झुक चुका है और किसी भी वक्त सड़क पर तार सहित गिर सकता है। यह लाइन सतबरवा को नीलांबर-पीतांबरपुर से जोड़ने वाली व्यस्त सड़क के ऊपर से गुजरती है, जिससे राहगीरों और वाहनों की जान खतरे में है।

ग्रामीणों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण खंभा और अधिक झुक गया है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि थोड़ी सी तेज हवा या पानी से यह खंभा गिर सकता है। इसके नीचे से प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में दोपहिया व चारपहिया वाहन गुजरते हैं।

बिजली विभाग को सूचना देने के बाद भी मौन : 

स्थानीय लोगों ने कई बार बिजली विभाग को इसकी सूचना दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। विभागीय अधिकारियों ने केवल आश्वासन देकर अपनी जिम्मेदारी निभा दी। एसडीओ ने भी “जल्द सुधार” का वादा किया था, लेकिन महीनों बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।

खंभा ठीक करने के एवज में पैसे की मांग : 

ग्रामीणों का आरोप है कि जब उन्होंने स्थानीय मिस्त्री से अस्थायी रूप से खंभा ठीक कराने की बात की, तो उसने इसके एवज में पैसे की मांग की। ऐसे में सवाल यह उठता है कि आखिर जनता कब तक अपनी जान जोखिम में डालकर इस खतरनाक स्थिति से दो-चार होती रहेगी?

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द इस खंभे को ठीक नहीं किया गया, तो किसी भी बड़े हादसे का जिम्मेदारी विभाग की होगी।

रिपोर्ट : प्रेम पाठक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *