*धान की रोपनी के लिए बिहार जा रहे थे मजदूर, नशे में चालक के डिवाइडर से टकराने से हुआ हादसा*

पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराना नेशनल हाईवे-98, वर्तमान NH-139 पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 30 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी मजदूर गढ़वा जिले के रहने वाले थे और धान की रोपनी के लिए बिहार के सासाराम जा रहे थे। मृतकों की पहचान गढ़वा के चीना स्थित सिगसिगा कला निवासी राजू भुइयां और गुड्डू भुइयां के रूप में हुई है। तीसरे मृतक की पहचान देर शाम तक नहीं हो सकी थी। हादसे में घायल 30 मजदूरों का इलाज छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल और मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच), डालटनगंज में चल रहा है।

*नशे में था चालक, डिवाइडर से टकराई पिकअप*

 

पुलिस के अनुसार गढ़वा जिले के रंका और रमकंडा इलाके से 30 मजदूर (जिनमें पांच बच्चे भी शामिल थे) शुक्रवार दोपहर पिकअप वैन से सासाराम जा रहे थे। छतरपुर थाना क्षेत्र के कउवल के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और तेज रफ्तार पिकअप डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप पलट गई। मौके पर ही दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। घायल मजदूरों ने बताया कि पिकअप चालक नशे में था। उन्होंने कई बार मना भी किया, लेकिन उसने गाड़ी तेज चलाना जारी रखा।

 

 

*टॉर्च की रोशनी में हुआ इलाज*

 

हादसे के बाद पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल मजदूरों को एमएमसीएच, डालटनगंज रेफर कर दिया गया। यहां बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण डॉक्टरों को टॉर्च की रोशनी में घायलों का इलाज करना पड़ा। छतरपुर थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।

*परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल*

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन अस्पताल पहुंचे। अपनों को घायल और मृत देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल था। अस्पताल में भीड़ और कोहराम का माहौल बना रहा।

 

*फैक्ट फाइल*

स्थान: कउवल, एनएच-98, छतरपुर थाना क्षेत्र

मृतक: 3 मजदूर (2 की मौके पर, 1 की अस्पताल में मौत)

घायल: 29 मजदूर, गंभीर स्थिति में इलाज जारी

मजदूरों का घर: गढ़वा जिले के चीना के सिगसिगा कला और रंका के उदयपुरा गांव

कारण: नशे में चालक द्वारा डिवाइडर से टक्कर

रिपोर्ट : नितेश तिवारी, छोटू सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *