मेदिनीनगर : जिले से हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जहां एक व्यक्ति ने आपसी विवाद अपनी पत्नी का गला टांगी से काट दिया। गंभीर हालत में महिला को इलाज के लिए एमएमसीएच में भर्ती करवाया गया है। बता दें कि महिला ने 20 दिन पहले ही अपने 10वें बच्चों को जन्म दिया था। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

मामला पलामू के रामगढ़ थाना क्षेत्र का है। जहां निम्सी टोला में मंगलवार की सुबह नीलू देवी नामक महिला शौच के लिए बाहर जा रही थी। इसी क्रम में उसके पति राजेंद्र भुईयां ने महिला के गर्दन पर वार कर दिया। घटना के बाद नीलू चीखने लगी, जिसके बाद मौके पर उसका बेटा पहुंचा। बेटे ने महिला को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल में भर्ती करवाया है।

रामगढ़ के थाना प्रभारी ओमप्रकाश शाह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला के पति ने ही उसके गर्दन पर टांगी से वार किया था, जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हुई। महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है और पूरे मामले में छानबीन की जा रही है।

नीलू देवी के 10 बच्चों में सात बेटी, जबकि तीन बेटे हैं। एक बेटे की शादी हो चुकी है। दो बेटियां धान रोपने के लिए बिहार के इलाके में गई हुई है। जबकि घर के अन्य बच्चे भी मजदूरी करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *