पलामू : बुधवार को सांसद विष्णु दयाल राम ने नई दिल्ली में जल शक्ति मंत्री सी आर पाटील से मुलाकात कर पलामू प्रमंडल के अति महत्वपूर्ण परियोजना उत्तरी कोयल जलाशय (मंडल डैम) के निर्माण कार्य को पूर्ण कराने का अनुरोध किया।

श्री राम ने कहा कि झारखण्ड राज्य के लातेहार जिला में उत्तरी कोयल जलाशय (मंडल डैम) परियोजना स्थित है। इस परियोजना में झारखण्ड राज्य के पलामू प्रमंडल के तीनों जिले पलामू, गढ़वा एवं लातेहार और बिहार राज्य के गया एवं औरंगाबाद जिलों के लगभग 1,11,521 हेक्टेयर सूखाग्रस्त भूमि को सिंचाई उपलब्ध कराने लोगों को पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ उद्योग धंधों की जरूरत की परिकल्पना है।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने आश्वास्त किया कि जल शक्ति मंत्रालय की एक केंद्रीय टीम मंडल डैम परियोजना के निर्माण कार्यों एवं कार्य कर रही वाप्कोस लिमिटेड कंपनी सहित इस परियोजना के शेष कार्यों के क्रियान्यवन की प्रगति की समीक्षा करने जाएगी। जिससे परियोजना का कार्य समय पर पूर्ण हो सके।