मेदिनीनगर : जिले से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां पांकी थाना क्षेत्र के एक निजी क्लिनिक में ऑपरेशन के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया।
लोगों ने ऑपरेशन में शामिल डॉक्टर और अस्पताल के कर्मियों को एक कमरे में बंद कर दिया, जिसके बाद बाहर भीड़ जमा हो गई। इधर घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया। पुलिस ने शवों को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

क्या है मामला :
पांकी थाना क्षेत्र के कोनवाई निवासी ममता देवी मेदिनीनगर में एक डॉक्टर से जांच कराया था। बाद में ममता देवी को प्रसव के लिए पांकी स्थित एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया। जहां बुधवार देर रात ऑपरेशन के दौरान ममता और बच्चे की मौत हो गई। इस संबंध में मृतका के पति सोनू सिंह ने बताया कि निजी नर्सिंग होम ने कहा था कि वे स्थिति को संभाल लेंगे।
रात में पत्नी की हालत बिगड़ने पर उन्होंने रेफर करने की भी बात कही। लेकिन अस्पताल के डॉक्टर और अन्य कर्मचारियों ने कहा कि कोई दिक्कत नहीं है, सब ठीक हो जाएगा। बाद में उनकी पत्नी और बच्चे की मौत हो गई। वहीं ममता के चाचा सुरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि डॉक्टर और अन्य कर्मचारी नशे की हालत में थे। शराब के नशे में ही ऑपरेशन भी कर रहे थें।