लातेहार : लातेहार पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। दरअसल,पुलिस ने कुख्यात अपराधी राहुल दुबे गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। सभी को पुलिस ने जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के चिरो मोड़ के समीप से पकड़ा है।

इस मामले में एसपी कुमार गौरव ने बताया कि सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ अरविंद कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम चिरो मोड़ पहुंची। जहां पुलिस को देखते ही अपराधी भागने लगे। लेकिन पुलिस की तत्परता से सभी 6 अपराधियों को धर दबोचा गया।
पुलिस ने बरामद किए हथियार व बाइक :
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान चंदवा थाना क्षेत्र के मनोज तुरी व तरुण यादव,लोहरदगा जिला के शमशाद अंसारी,मो0 साहिद अंसारी व मो0 मोज्जमिल अंसारी और गुमला के नितेश उरांव के रूप में हुई है। पुलिस ने अपराधियों के पास 2 पिस्टल,6 जिन्दा कारतूस,4 मोबाइलऔर 15 हजार रुपये नगद समेत दो बाइक बरामद किया है।
पूछताछ के दौरान सभी ने लेवी और रंगदारी वसूली को लेकर टोरी रेलवे कोल साइडिंग में आगजनी और गोलीबारी करने की बात स्वीकार की है।
बताते चलें कि एक माह के अंदर टोरी रेलवे कोल साइडिंग में दूसरी बार अपराधियों ने हमला कर तांडव मचाया है। घटना के बाद राहुल दुबे गैंग ने सोशल मीडिया में प्रेस रिलीज कर घटना की जिम्मेवारी ली थी।