CRIME NEWS : हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के जपला धरहरा में बीते 8 जुलाई की सुबह नहर में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस हत्या का खुलासा कर दिया है। मामले में मृतक के दोस्त तबरेज आलम को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान ताबिश अंसारी (पिता- अकिल अहमद, निवासी-जपला धरहरा, हुसैनाबाद, पलामू) के रूप में हुई थी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ताबिश की गला दबाकर हत्या कर शव नहर में फेंका गया था। इस संबंध में हुसैनाबाद थाना हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेशन के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हुसैनाबाद एस. मो. याकुब के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच में पता चला कि मृतक मुहर्रम के दिन अपने दोस्त अजहरूद्दीन से विनय जनरल स्टोर जाने की बात कहकर आरोपी तबरेज आलम के साथ गया था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। कुछ देर बाद आरोपी ने मृतक का मोबाइल उसके घर भिजवा दिया।

तकनीकी जांच, गुप्त सूचना और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि मृतक और आरोपी एक ही जगह काम करते थे। कुछ दिनों पहले मृतक के कारण आरोपी की नौकरी चली गई थी और मृतक के पास उसका कुछ पैसा भी बकाया था।

इसी रंजिश के चलते तबरेज आलम ने 6 जुलाई की रात ताबिश को नशे का इंजेक्शन देकर बेसुध कर दिया और गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में शव नहर में फेंक दिया।पूछताछ में तबरेज आलम ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *