पलामू: जिले में फोर्थ ग्रेड बहाली की प्रक्रिया स्थगित कर दी गई है। इससे संबंधित अधिसूचना शुक्रवार को पलामू जिला प्रशासन ने जारी कर दी है। दरअसल, 11 जून को झारखंड सरकार की हुई कैबिनेट बैठक में फोर्थ ग्रेड बहाली की प्रक्रिया को लेकर चर्चा हुई थी। कैबिनेट में कहा गया था कि झारखंड में फोर्थ ग्रेड बहाली का कोई नियम नहीं है।

झारखंड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने पलामू जिला प्रशासन को एक पत्र भेजा था।जिसकी प्रतिलिपि झारखंड के सभी डीसी को दी गई थी। सरकार के संयुक्त सचिव आसिफ हसन ने पलामू डीसी को पत्र लिखकर बहाली प्रक्रिया स्थगित करने को कहा है। पत्र मिलने के बाद शुक्रवार को जिला प्रशासन की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।

जारी अधिसूचना में कहा गया है कि राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में पलामू जिला प्रशासन ने फोर्थ ग्रेड बहाली के लिए विज्ञापन संख्या 01/2025 को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है।