सतबरवा (पलामू): सतबरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत तुम्बागड़ा के पास गुरुवार की शाम लगभग 5 बजे एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान मनिका प्रखंड के बाड़ी गांव निवासी आनंद शंकर सिंह (25 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपनी बाइक से मनिका की ओर जा रहे थे। हादसे में युवक का सिर बुरी तरह कुचल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सतबरवा थाना प्रभारी विश्वनाथ कुमार राणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर एमएमसीएच, मेदिनीनगर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने घटनास्थल से बाइक और ट्रक दोनों को जब्त कर लिया है। जानकारी के अनुसार, मृतक का ससुराल सतबरवा थाना क्षेत्र के हालुमाड गांव में है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

रिपोर्ट : प्रेम पाठक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *