सतबरवा(पलामू): थाना क्षेत्र के एनएच-39 रांची–मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर शनिवार रात और रविवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए।

पहला हादसा शनिवार रात करीब 8 बजे दुबियाखाड़ के पास हुआ। पोखरहा केवटबार गांव निवासी ललित भुइंया (28), पिता नंददेव भुइंया, पत्नी के साथ बरवाडीह चपरी से राखी बांधकर टेंपो से घर लौट रहे थे। इसी दौरान वह टेंपो से गिर पड़े और पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एमएमसीएच मेदिनीनगर में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया और अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।

दूसरी घटना रविवार दोपहर 12 बजे पोखराहा के पास हुई, जहां एनएच-39 पर कार और ऑल्टो की जोरदार टक्कर में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान खामडीह निवासी 24 वर्षीय चंचल चौधरी (पिता कमलेश चौधरी) के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने उन्हें मेदिनीनगर एमएमसीएच भेजा। इस हादसे में कार सवार दो लोगों को भी मामूली चोटें आई हैं। सूचना पर अवर निरीक्षक सुधीर कुमार के नेतृत्व में सतबरवा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर जांच शुरू की।

दोनों हादसों के बाद क्षेत्र में मातम का माहौल है।मृतक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।

रिपोर्ट: प्रेम पाठक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *