लातेहार : जिले से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां शुक्रवार को मनिका थाना क्षेत्र अंतर्गत देवबार मोड़ के पास एनएच 39 पर एक यात्री बस और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर हो गई। जिसमें मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक कि पहचान बिहार के नवीनगर निवासी कासिम अंसारी के रूप में हुई है।

लेकिन मृतकों में से एक के पास ड्राइविंग लाइसेंस मिला है, जो अब्दुल हसीम सरवर के नाम पर है। ड्राइविंग लाइसेंस धारक उत्तर प्रदेश के नोएडा निवासी बताया जा रहा है। वही मृतक कासिम अंसारी का ससुराल पांकी के मस्जिद चौक के पास है। वही घटना की सूचना पर थाना प्रभारी शशि कुमार मौके पर पहुंचे और दोनों मृतकों की पहचान करने की कोशिश में जुटे हैं।
बताया जा रहा है कि बुलेट पर सवार दो लोग कहीं जा रहे थें। इसी दौरान देवबार मोड़ के समीप सामने से आ रही एक यात्री बस से मोटरसाइकिल से आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल बस के साथ कई फीट तक घसीटती चली गई। इस घटना में मोटरसाइकिल सवार दोनों लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
इस संबंध में थाना प्रभारी शशि कुमार ने बताया कि पुलिस मृतकों के शवों को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। मृतकों की पहचान की पुष्टि के भी प्रयास किए जा रहे हैं। बता दें कि राष्ट्रीय राजमार्ग 39 पर स्थित मनिका थाना क्षेत्र के देवबार मोड के पास की सड़क बेहद खतरनाक है। घुमावदार मोड़ होने के कारण सामने से आने वाले वाहनों का पता नहीं चल पाता। जिससे अक्सर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।