सतबरवा(पलामू): प्रखंड मुख्यालय मेलाटांड में शनिवार सुबह सात बजे करंट लगने से एक युवती की मौत हो गई। मृतका की पहचान 30 वर्षीय खुशबू कुमारी, पिता शिव प्रसाद सोनी के रूप में हुई है।

परिजनों ने बताया कि खुशबू सुबह पानी भरने के लिए घर के पिछले हिस्से में मोटर चलाने गई थी। इसी दौरान वह विद्युत प्रवाहित तार के संपर्क में आ गई और बुरी तरह झुलस गई। घटना के बाद घर में अफरातफरी मच गई।
गंभीर हालत में परिजन उसे तुम्बागड़ा स्थित नवजीवन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सतबरवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा करते हुए एमएमसीएच मेदिनीनगर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।