गढ़वा : जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार और कल्याण विभाग, झारखंड सरकार द्वारा आयोजित धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत आदि कर्मयोगी अभियान के लिए प्रखंड स्तरीय मास्टर ट्रेनरों की 3 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन शनिवार(30 अगस्त) को संपन्न हुआ। इस अवसर पर उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी दिनेश कुमार यादव ने सभी 91 प्रतिभागियों को आदि कर्मयोगी प्रमाणपत्र प्रदान किया।

इस दौरान उपायुक्त ने प्रशिक्षित 15 प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी और प्रखंड स्तरीय मास्टर ट्रेनरों को निर्देश दिया कि वे 58 पंचायतों के 113 चिन्हित ग्रामों में अनुसूचित जनजाति समुदाय के सभी परिवारों को सरकार द्वारा निर्धारित समयसीमा में मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराने का कार्य करें। इसके लिए जिला स्तरीय सभी संबंधित विभाग अपने तकनीकी अधिकारियों के माध्यम से सहयोग देंगे।
उक्त अवसर पर जिला कल्याण पदाधिकारी, धीरज प्रकाश ने सभी जिला स्तरीय और प्रखंड स्तरीय प्रतिभागियों से उपायुक्त के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने का अनुरोध करते हुए कार्यक्रम का सफल समापन किया।