गढ़वा : मंगलवार को उपायुक्त गढ़वा दिनेश यादव ने समाहरणालय स्थित सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान उपायुक्त ने जनता दरबार में आए फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी एवं उसके निष्पादन हेतु उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया।

आज के जनता दरबार में राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार सृजन, बकाया मजदूरी भुगतान समेत अन्य समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए ग्रामीणों की बारी-बारी से उपायुक्त द्वारा समस्या सुनी गई एवं यथाशीघ्र उनके समस्याओं के निराकरण करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निदेशित किया गया।
इस दौरान धुरकी प्रखंड के टाटीदिरी निवासी नान्हू साव ने बताया कि उन्हें वर्ष 2021 से ही वृद्धावस्था पेंशन मिलते आ रहा था परंतु विगत 20 माह से उनका पेंशन का राशि आना बंद हो गया है। उन्होंने बताया कि पेंशन पुन: चालू करने को लेकर उन्होंने कई बार प्रखंड कार्यालय में आवेदन दिया एवं पासबुक तथा आधार कार्ड की छायाप्रति भी जमा किया परंतु अभी तक उन्हें पेंशन भुगतान नहीं हो रहा है।
वहीं प्रखंड केतार के ग्राम ताली निवासी ग्रामीणों समेत जिला परिषद सदस्य केतार, उप मुखिया ग्राम पंचायत मुकुंदपुर एवं वार्ड सदस्य द्वारा सामूहिक हस्ताक्षरित आवेदन समर्पित करते हुए राजकीय मध्य विद्यालय ताली में पदस्थापित प्रभारी प्रधानाध्यापक की शिकायत की है कि उनके द्वारा मध्याह्न भोजन में काफी अनियमितता बरती जाती है तथा शिक्षण कार्य में रुचि नहीं लेते हैं। मेन्यु के अनुसार उचित मात्रा में चावल, दाल, सब्जी बच्चों को नहीं दिया जाता है तथा विद्यालय के विकास हेतु प्राप्त राशि को बिना समिति के सहमति के मनमाने तरीके से खर्च किया जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि उक्त विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक पिछले 22 वर्षों से एक ही विद्यालय में कार्यरत हैं, जिनके कार्यकलाप से सभी ग्रामीण जनता एवं अभिभावक, छात्र-छात्रा व जन प्रतिनिधि असंतुष्ट हैं। अत: उक्त मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।
बारी-बारी से लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा। आमजनों से प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया।