सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर की जाएगी कड़ी करवाई

लातेहार : आगामी दुर्गा पूजा के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था व विधि व्यवस्था संधारण हेतु पुलिस अधीक्षक श्री कुमार गौरव की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया।बैठक में दुर्गा पूजा को शांति एवं सदभावपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा किया गया।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को दुर्गा पूजा पर विधि व्यवस्था संधारण हेतु पूरी चौकसी बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी को निर्देश दिया कि अपने क्षेत्र में शांति समिति की बैठक कर लें। पुलिस अधीक्षक ने सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान यदि किसी शरारती तत्व द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने की कोशिश की गई , तो उसके विरुद्ध कड़ी कारवाई की जाएगी। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने का निर्देश दिया। आगे उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा में किसी तरह की विधि व्यवस्था की समस्या नहीं हो इसके लिए पूर्व में ही सभी तैयारी पूरी कर लें।

उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों को पूरी सतर्कता एवं सजगता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। सभी थाना तैयारी के साथ-साथ सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था रखें। सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी एवं गश्ती करने का निर्देश दिया।

इसके अलावे सभी पूजा पंडाल समिति के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी प्रकार का भड़काऊ या अश्लील गाने का प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए।

बैठक में उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद ने कहा कि आगामी त्योहार को लेकर प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर किसी तरह का अफवाह फैलाया जाता है, तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।

किसी भी प्रकार की सहायता के लिए या आपात स्थिति में सूचना देने के लिए जिले स्तर पर 24 घंटे कार्यरत कंट्रोल रूम नंबर 06565–247981 पर अथवा कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 08987796308 पर कॉल कर सूचना को साझा किया जा सकता है। साथ ही साईबर सेल के मोबाइल नंबर 6206159795 पर अथवा 112 पर कॉल कर सूचना साझा कर सकते हैं।

आगे उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा मे डीजे पर पूर्णत: पाबंदी रहेगी। उन्होंने पूजा समितियों को अपना लाइसेंस का नवीनीकरण करा लेने की बात कही। आगे उन्होंने कहा कि विसर्जन निर्धारित रूट से ही की जायेगी। विसर्जन के दौरान बिजली सेवा बाधित रहेगी। उन्होने रूट में बिजली की वैकल्पिक व्यस्था करने की बात कही।

बैठक में उन्होंने आम जनता से अपील की है कि दुर्गा पूजा के दौरान किसी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं दे। दुर्गा पूजा के दौरान जिले में विधि व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने पूजा पंडाल में सीसीटीवी एवं लाइट की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, आईटीडीए निदेशक  प्रवीण कुमार गगराई, अपर समाहर्ता  रामा रविदास, अनुमंडल पदाधिकारी,लातेहार, अजय कुमार रजक, जिले के सभी वरीय पदाधिकारी, मनिका विधायक प्रतिनिधि हरि शंकर प्रसाद, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, थाना प्रभारी, गणमान्य व्यक्तियों समेत अन्य उपस्थित थें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *