मेदिनीनगर : लायंस क्लब ऑफ मेदिनीनगर द्वारा शहर में आए दिन सड़क किनारे पशुओं के कारण हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से “पशु बचाओ अभियान” की शुरुआत की गई। इस अभियान का शुभारंभ गुरुवार की रात्रि 8:30 बजे सर्किट हाउस से पुलिस लाइन रोड होते हुए बैरिया चौक तक किया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व आईपीपी डॉ. प्रवीण सिद्धार्थ, क्लब अध्यक्ष गुरबीर सिंह एवं टी ओ. पी. 1 प्रभारी इंद्रदेव पासवान ने किया। इन सभी ने सड़क किनारे घूम रहे पशुओं को रेडियम युक्त कॉलर पट्टा पहनाकर एवं रोटी खिलाकर अभियान की शुरुआत की। यह रेडियम पट्टा रात के समय वाहनों की हेडलाइट पड़ते ही चमक उठता है, जिससे चालक दूर से ही पशु की उपस्थिति का अंदाजा लगाकर सतर्क हो सकते हैं।

अभियान सर्किट हाउस से शुरू होकर बैरिया चौक होते हुए खंनवा गांव तक चला, जिसमें सड़क किनारे दिखे सभी पशुओं के गले में रेडियम कॉलर लगाए गए। इस अवसर पर जीनियस क्लब टीम समाजसेवी राकेश कुमार सिंह, पीयूष कुमार, मुकेश कुमार सिंह ,प्रवीण तिवारी सहित दर्जनों स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय सहयोग दिया।
आईपीपी डॉ. प्रवीण सिद्धार्थ ने कहा “गाय हमारी माता के समान है, जिनकी सुरक्षा और देखभाल हमारा नैतिक और सामाजिक दायित्व है।” वहीं क्लब अध्यक्ष गुरबीर सिंह ने कहा “गाय एक अनमोल धरोहर हैं। जैसे हम अपने परिजनों की सुरक्षा का ध्यान रखते हैं, वैसे ही अपने पशुओं की देखभाल भी करें।”
समाजसेवी राकेश कुमार सिंह ने लायंस क्लब की इस पहल को “बहुत ही पुनीत कार्य” बताते हुए कहा कि वे और उनकी टीम आगे भी ऐसे समाजोपयोगी कार्यों में पूरा सहयोग देंगे।
लायंस क्लब ऑफ मेदिनीनगर पूर्व में भी कई घायल एवं बेसहारा पशुओं को उठाकर उनका इलाज करवाने और गौशाला तक पहुँचाने का कार्य करता रहा है। इस अभियान का उद्देश्य न केवल पशुओं की रक्षा करना है, बल्कि शहर में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या को भी कम करना है।
इसी कड़ी में मध्य रात्रि में थैलेसीमिया पीड़ित 12 वर्षीय किशोर के लिए लाइन श्रीकांत कुमार ने 12:00 बजे रात्रि में अपना रक्तदान कर मानवता का परिचय दिया
इस अवसर पर परिमल प्रसून, श्रीकांत कुमार, वरुण जायसवाल, प्रियंका आनंद साहू, अमुक प्रियदर्शी, विकास कुमार शेट्टी, आनंद वर्धन, निलेश चंद्र राघवेंद्र नारायण सिंह एवं ,रणजीत मिश्रा सहित क्लब के कई सदस्य उपस्थित रहे।
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से दिवाकर ने भी अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई।