सिमडेगा: महिला सशक्तिकरण की मिसाल बन चुकी कोलेबिरा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी ने दीपावली से पूर्व एक और उपलब्धि हासिल की है। कंपनी को झारखंड राज्य आजीविका प्रोत्साहन सोसायटी (JSLPS) के राज्य कार्यालय से रागी एवं तिल के लड्डू का बड़ा ऑर्डर प्राप्त हुआ है।

उप विकास आयुक्त के निर्देशानुसार कंपनी के कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है। बाजार व्यवस्था और मांग पूर्ति को लेकर अधिकारियों ने आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए हैं, ताकि स्थानीय उत्पादों को राज्य स्तर तक पहुंचाया जा सके।

कंपनी की महिला शेयरधारकों ने जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री शांति मार्डी, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक अगापित लुगुन एवं शैलास संयोग के सहयोग से केवल दो दिनों में लगभग 1000 जार रागी एवं तिल लड्डू तैयार कर राज्य कार्यालय को भेजे। यह कार्य सीमित समय में पूरा कर दीदियों ने अपनी मेहनत और दक्षता का उल्लेखनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।

यह ऑर्डर ‘पलाश’ ब्रांड के तहत दिया गया है, जो उत्पादों की उच्च गुणवत्ता, स्वच्छता और पारंपरिक स्वाद के लिए पहचाना जाता है। कोलेबिरा एफपीसी द्वारा शुद्ध घी में तैयार किए गए इन लड्डुओं की पहले से ही स्थानीय बाजार में भारी मांग है।

यह सफलता न केवल संगठन की कार्यकुशलता को दर्शाती है, बल्कि अन्य महिला समूहों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करती है। कोलेबिरा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी निरंतर ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, कौशल विकास और स्वावलंबन की दिशा में कार्य कर रही है।

दीपावली के इस अवसर पर प्राप्त यह बड़ा ऑर्डर न केवल कंपनी की प्रतिष्ठा बढ़ाने वाला है, बल्कि सिमडेगा जिले की महिलाओं की सामूहिक शक्ति और आत्मनिर्भरता का प्रतीक भी बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *