गढ़वा : एसडीएम संजय कुमार ने भाईदूज के अवसर पर स्थानीय अनुमंडलीय पुस्तकालय का दौरा किया और वहां अध्ययनरत प्रतियोगी छात्राओं से भाई-बहन के लहजे में आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें करियर के प्रति सजग रहने और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी।

एसडीएम ने कहा कि शिक्षा ही जीवन में आगे बढ़ने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे निरंतर ईमानदारी से मेहनत करें और अपने सपनों को साकार करने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास करें।
मौके पर एसडीएम ने पुस्तकालय में उपस्थित 30 से अधिक छात्राओं को भाई दूज के सांकेतिक उपहार स्वरूप पेन और नोटबुक आदि भेंट की। इस दौरान उन्होंने आश्वासन दिया कि छात्राओं द्वारा तैयार की गई सूची के आधार पर एक-दो दिनों के भीतर आवश्यक पुस्तकें पुस्तकालय में उपलब्ध कराई जाएंगी।