मेदिनीनगर : गुरुवार को पलामू जिला कांग्रेस कमिटी के मीडिया चेयरमैन मणिकांत सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सदर अंचलाधिकारी अमरदीप बल्होत्रा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बीते दिन अंचलाधिकारी द्वारा आशुतोष तिवारी पर लगाए गए आरोपों के आधार पर उन्हें जेल भेजवाया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

मणिकांत सिंह ने आरोप लगाया कि अधिकारियों का यह रवैया कानून का दुरुपयोग है और यह लोकतांत्रिक व्यवस्था पर कुठाराघात के समान है। उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में कानून टूटा है, तो सदर अंचल कार्यालय परिसर के सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक किए जाएं, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके। कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि सदर अंचल के अधीन अमरदीप बल्होत्रा के कार्यकाल में हुए सभी कार्यों की गहन जांच की मांग उपायुक्त तथा मुख्य सचिव से की जा रही है।

साथ ही उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया कि “सेवा का अधिकार” अधिनियम के तहत निपटाए जा रहे आमजन के कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा मणिकांत सिंह ने जिले की जनता से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास उक्त अधिकारी के कार्यकाल से जुड़े भ्रष्टाचार के प्रमाण उपलब्ध हों, तो वे निजी रूप से उनसे या जिला कांग्रेस कमिटी की अध्यक्ष विमला कुमारी से संपर्क करें।

उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और सत्यापित तथ्यों पर कानूनी कार्रवाई के साथ प्रोत्साहन पुरस्कार भी दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *