मेदिनीनगर : जिले से बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। दरअसल, शहर के प्रसिद्ध शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय पाठक की क्लीनिक में 14 माह के बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के पिता अख्तर आलम (निवासी—सगालिम परसिया, पांकी) ने डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन देने का आरोप लगाया है।

उन्होंने बताया कि उनके बच्चे को हल्की उल्टी हुई थी, जिसके बाद उसे क्लीनिक में भर्ती किया गया। इलाज के दौरान इंजेक्शन देने के कुछ देर बाद ही बच्चे की मौत हो गई। परिजनों ने क्लीनिक में हंगामा करते हुए शहर थाना में मामला दर्ज कराया है।
थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे न्याय की मांग कर रहे हैं।