CRIME NEWS /मेदिनीनगर :  डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन से पुलिस ने एक युवक को 6.5 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। युवक डालटनगंज रेलवे स्टेशन की ओर अवैध मादक पदार्थ की सप्लाई करने जा रहा था। घटना देर रात करीब 2 बजे की है। दरअसल, पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक सफेद रंग की कार से एक युवक अफीम लेकर डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा है।

सूचना के आलोक में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया और रेड़मा चौक से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क पर सघन चेकिंग शुरू की। थोड़ी देर बाद एक सफेद रंग की मारुति बलेनो कार—रजिस्ट्रेशन नंबर JH01FY 5271—को पुलिस टीम ने रोका। कार में बैठे युवक के पास मौजूद काले रंग के बैग की तलाशी लेने पर छह प्लास्टिक पैकेटों में भूरा गीला पदार्थ मिला, जांच में वह अफीम पाया गया।

कुल 6.523 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। इसके साथ एक वीवो कंपनी का मोबाइल और दो सिम कार्ड भी जब्त किए गए। गिरफ्तार युवक की पहचान अभिषेक कुमार, उम्र 22 वर्ष, पिता राजू राम, पता—बंदुआ शाहपुर, थाना चैनपुर, जिला पलामू—के रूप में हुई है।

पुलिस ने उसे कार व बरामद सामान के साथ थाना लाकर मामला दर्ज कर लिया है। वहीं आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में है कि अफीम की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और किसे सप्लाई की जानी थी।

अभिषेक साइबर फ्रॉड का भी आरोपी

इस संबंध में पलामू एसपी रिष्मा रमेशन ने बताया कि आरोपी अभिषेक कुमार बंगाल में हुए एक साइबर फ्रॉड में भी अभियुक्त है। अभिषेक पर ऑनलाइन एप्प टेलीग्राम के माध्यम से 18 लाख की ठगी का मामला दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *