चतरा : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में आज जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त रवि आनंद ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान आमजनों ने भूमि विवाद, स्वास्थ्य सुविधा, आवास योजना, राशन कार्ड, शिक्षा, आंगनबाड़ी एवं तालाब से संबंधित मामलों को उपायुक्त के समक्ष रखा।
जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने एक-एक आवेदन का गंभीरतापूर्वक अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मामलों का निष्पादन संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित मामलों में शीघ्र कार्रवाई की जाए।
इसी दौरान ऊंटा मोर, देवरिया निवासी दिव्यांग व्यक्ति विकास कुमार सिंह भी अपनी समस्या लेकर जनता दरबार पहुंचे। उन्होंने उपायुक्त को बताया कि दिव्यांग पेंशन योजना में नाम दर्ज होने के बावजूद आवंटन उपलब्ध नहीं रहने के कारण उन्हें पेंशन राशि प्राप्त नहीं हो पा रही है। साथ ही उनकी बच्ची अस्वस्थ है, जिसके इलाज में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मामले को गंभीरता से सुनते हुए उपायुक्त स्वयं उनके पास पहुंचकर उनकी समस्याओं से अवगत हुए तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही तत्काल सहयोग उपलब्ध कराते हुए बच्ची के इलाज में सहायता करने की पहल की। इस दौरान विकास कुमार सिंह ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए माननीय मुख्यमंत्री झारखंड सरकार श्री हेमंत सोरेन के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करते हुए नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि आमजनों को अनावश्यक कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।
उपायुक्त ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है तथा जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को पूर्वाह्न 11:30 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक समाहरणालय परिसर में नियमित रूप से जनता दरबार आयोजित किया जाता है, जहां जिले के नागरिक अपनी समस्याएं एवं शिकायतें सीधे जिला प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं।