चतरा : बुधवार को उपायुक्त कीर्तिश्री ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ सदर अस्पताल, चतरा का निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने सर्वप्रथम सिविल सर्जन कार्यालय स्थित सभा कक्ष में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की तथा स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त ने आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल देते हुए सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि चतरा जिला के अधिक से अधिक आमजनों को योजना का लाभ सुनिश्चित कराया जाए।उन्होंने कहा कि किडनी से संबंधित रोगियों के लिए जिले में संचालित फंक्शनल डायलिसिस सेवा का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

इसके लिए सभी संबंधित सीएचसी/प्रखंड स्तर से ऐसे मरीजों की पहचान कर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक से समन्वय स्थापित करते हुए उन्हें रेफर करना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।

उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि सीएचसी स्तर पर डायलिसिस, निःशुल्क एंबुलेंस सेवा तथा “जीवन तरंगिनी” जैसी योजनाओं के संबंध में आमजनों को जागरूक किया जाए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर समुचित लाभ मिल सके।

बैठक में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत कार्यरत सभी चिकित्सकों को निर्देशित किया गया कि चिन्हित मरीजों की स्क्रीनिंग के साथ-साथ उनके नियमित फॉलो-अप को भी प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बैठक के दिन किसी भी एमओआईसी को उपायुक्त के आदेश के बिना अवकाश प्रदान नहीं किया जाए।

उपायुक्त ने वेक्टर बोर्न डिजीज (VBD) के अंतर्गत जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। जिले के दो आयुष्मान आरोग्य मंदिर(AAM) को एनक्यूएएस (NQAS) प्रमाण प्राप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) को पुरस्कृत किया गया।

समीक्षा बैठक के उपरांत उपायुक्त ने सदर अस्पताल, चतरा में उपलब्ध विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया और मरीजों को दी जा रही सेवाओं का जायजा लिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, सिविल सर्जन डॉ. जगदीश प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी चतरा श्री जहूर आलम, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. पंकज, डीपीएम, डीपीसी, डीडीएम, डीएएम, वीबीडी कंसल्टेंट, प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *