LIVE PALAMU NEWS DESK : शुक्रवार तड़के राज्यसभा सांसद पीटी उषा सह खेल जगत की दिग्गज पीटी उषा के पति वी. श्रीनिवासन का निधन हो गया। वह 67 वर्ष के थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह अपने आवास पर श्रीनिवासन अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। आनन फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक व्यक्त किया और परिवार को धैर्य और शक्ति की कामना की। उन्होंने पीटी उषा से फोन पर बात कर उन्हें इस दुखद क्षण में सांत्वना दी और पति के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि वी. श्रीनिवासन केंद्र सरकार के पूर्व कर्मचारी थे और पीटी उषा के खेल जीवन से लेकर सार्वजनिक और राजनीतिक सफर तक, हर पड़ाव पर उनके साथ मजबूती से खड़े रहे। उन्हें पीटी उषा की सफलता के पीछे एक मजबूत स्तंभ के रूप में देखा जाता था, जिन्होंने पर्दे के पीछे रहकर हर चुनौती में उनका साथ दिया। दंपति का एक बेटा उज्ज्वल है।