LIVE PALAMU NEWS DESK : शनिवार को मसूरी की खूबसूरत वादियों में टीम इंडिया के गेंदबाज कुलदीप यादव ने अपने बचपन की दोस्त वंशिका चड्ढा का दामन थाम लिया। जैसे ही इस नवविवाहित जोड़े की पहली तस्वीर बाहर आई, प्रशंसकों का इंतजार खत्म हो गया। शहर के प्रतिष्ठित द सेवाय होटल में आयोजित इस भव्य समारोह में क्रिकेट, संगीत और फिल्म जगत की कई नामचीन हस्तियों की मौजूदगी ने इसे और भी यादगार बना दिया।

शादी की पहली झलक में कुलदीप यादव पारंपरिक परिधान में काफी जंच रहे हैं, वहीं वंशिका का ग्रेसफुल लुक ने सबका ध्यान खींचा।
शादी में कई क्रिकेटरों की मौजूदगी रही। इनमें से सबसे खास मौजूदगी युजवेंद्र चहल की रही, जो अपने जिगरी यार कुलदीप की हर रस्म में नजर आए। उनके अलावा यूपी क्रिकेट से कुलदीप के पुराने साथी और टीम इंडिया के फिनिशर रिंकू सिंह अपनी मंगेतर प्रिया सरोज, सुरेश रैना, भुवनेश्वर कुमार,भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा और टीम के फिल्डिंग कोच टी दिलीप समेत पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ भी शादी में पहुंचे।
कौन हैं वंशिका :
कुलदीप की दुल्हनिया वंशिका के ताल्लुकात कानपुर के एक प्रतिष्ठित परिवार से है। वे LIC में काम करती हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई और उच्च शिक्षा कानपुर से ही पूरी की है। कुलदीप के साथ उनका रिश्ता काफी समय तक प्राइवेट ही रहा था।