चतरा : जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त कीर्तिश्री जी के निर्देशानुसार चतरा जिले में संचालित “जल महोत्सव पखवाड़ा” (08 मार्च से 22 मार्च 2026) के तहत शुक्रवार को सिमरिया प्रखंड के चोपे पंचायत अंतर्गत तोरार ग्राम स्थित परियोजना +2 उच्च विद्यालय में ‘जल अर्पण दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष, जिला परिषद सदस्य (सिमरिया पूर्वी), पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, चतरा के कार्यपालक अभियंता, संबंधित जनप्रतिनिधि, विद्यालय के प्रधानाचार्य, छात्र-छात्राएं, जलसहिया, मास्टर जलसहिया, प्रखंड एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात सभी अतिथियों का स्वागत पौधा भेंट कर किया गया। इसके उपरांत प्रभातफेरी सह जल यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, विद्यार्थियों एवं जलसहिया ने भाग लेते हुए जल संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान जलापूर्ति योजनाओं के तहत नल पर रक्षा सूत्र बांधकर ‘जल बंधन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। साथ ही, फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन (FHTC) से कलश में जल भरकर जल यात्रा निकाली गई, जो कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर जल अर्पण के साथ संपन्न हुई।

इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों द्वारा ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को जल के महत्व, जल संरक्षण एवं संचयन की आवश्यकता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग हेतु प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, संगीत, नृत्य एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के समापन पर जिला परिषद उपाध्यक्ष ब्रिज किशोर तिवारी द्वारा सभी उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा जल के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया। जिला प्रशासन द्वारा अपील की गई है कि सभी नागरिक जल संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं एवं आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *