चतरा : जिला प्रशासन द्वारा जनकल्याण एवं समावेशी विकास के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण पहल करते हुए सीसीएल चंद्रगुप्त एवं एनटीपीसी टंडवा के साथ अलग-अलग समझौता ज्ञापन (एमओयू) संपन्न किया गया है।

सीसीएल चंद्रगुप्त के साथ संपन्न एमओयू के तहत ईटखोरी प्रखंड के 28 वीरहोर परिवारों के आवासों की मरम्मति का कार्य किया जाएगा। इस कार्य के लिए कुल 28,21,700 रुपये की प्राक्कलित राशि निर्धारित की गई है। इस पहल के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय परिवारों को सुरक्षित एवं बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराते हुए उनके जीवन स्तर में गुणात्मक सुधार लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

वहीं, एनटीपीसी टंडवा के साथ किए गए एमओयू के अंतर्गत जिले के चतरा, सिमरिया, टंडवा, हंटरगंज एवं ईटखोरी प्रखंडों में स्थित प्रथम चरण में कुल 25 आंगनबाड़ी केंद्रों को मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इस कार्य हेतु 1,08,07,500 रुपये की प्राक्कलित राशि निर्धारित की गई है।

मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों एवं महिलाओं को बेहतर पोषण, प्रारंभिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, साथ ही केंद्रों को आवश्यक आधारभूत एवं आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा।

जिला प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि दोनों योजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही संबंधित विभागों को आवश्यक समन्वय स्थापित करते हुए कार्यों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि योजनाओं का लाभ लक्षित लाभुकों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।

इस अवसर पर एनटीपीसी की ओर से परियोजना प्रमुख (हेड ऑफ प्रोजेक्ट) आलोक कुमार त्रिपाठी, हेड ऑफ एचआर नीरज कुमार राय एवं डीजीएम (एचआर) निखिल गुप्ता उपस्थित थे। वहीं सीसीएल की ओर से आम्रपाली-चंद्रगुप्त क्षेत्र के महाप्रबंधक संजीव कुमार एवं उप प्रबंधक सचिन शर्मा उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त कीर्तिश्री जी, उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, जिला खनन पदाधिकारी मनोज टोप्पो एवं योजना पदाधिकारी शिशिर पंडित सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *