मेदिनीनगर : गुरुवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने एमएमसीएच का निरीक्षण किया।इस दौरान उन्होंने एमएमसीएच परिसर के विभिन्न बिल्डिंग में संचालित कई स्वास्थ्य सेवाओं का अवलोकन किया। सर्वप्रथम डीसी इमरजेंसी वार्ड पहुंचे,यहां उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से अस्पताल में दी जाने वाली सुविधाओं कर बारे में जानकरी ली। इसके साथ ही अनावश्यक रूप से खड़े लोगों को फटकार लगायी।

इसके बाद उपायुक्त ने प्रत्येक वार्ड में किस सुविधाओं का अभाव है,कहां कितने मैनपावर की आवश्यकता है आदि जैसे विषयों का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कई हॉस्पिटल कर्मियों को अपने कार्यशैली में सुधार लाने व अपने निर्धारित समय तक ड्यूटी पूर्ण करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि बतौर पलामू उपायुक्त एमएमसीएच का मेरा यह पहला निरीक्षण है,इसके बाद भी अस्पताल के व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं होता है तो संबंधितों को चिन्हित कर कठोर कार्रवाई की जायेगी।
मरीज के साथ अनावश्यक रूप से उनके परिजन नहीं रहे,इसका विशेष ख्याल रखा जाये
निरीक्षण के दौरान डीसी ने पाया कि कई वार्डो में मरीज के साथ आवश्यकता से अधिक अटेंडेंट है जिससे चिकित्सा कार्य प्रभावित हो रहा है।ऐसे में उपायुक्त ने एमएमसीएच अधीक्षक डॉ अजय कुमार को मरीजों संग रहने वाले अटेंडेंट की संख्या निर्धारण करने की बात कही।उन्होंने कहा कि मरीज के साथ बिना कारण अधिक अटेंडेंट नहीं रहे,इसका ख्याल रखा जाये।
छोटे सिविल वर्क को त्वरित रूप से कराने के निर्देश,एमएमसीएच अधीक्षक का शोकॉज
निरीक्षण के क्रम में डीसी ने पाया कि ओपीडी वार्ड के कुछ शौचालयों के दरवाजे टूटे पड़े है एवं शौचालय में साफ-सफाई नहीं है। उन्होंने साफ-सफाई का कार्य देख रहे बालाजी के सुपरवाइजर को निलंबित करने एवं कार्यों का पर्यवेक्षक नहीं करने को लेकर एमएमसीएच अधीक्षक को शोकॉज़ करने के निर्देश दिये।
उन्होंने डिजिटल किओस्क को अपडेटेड रखने पर बल दिया ताकि मरीजों को कोई परेशानी नहीं हो.इसके साथ ही उन्होंने एमएमसीएच अधीक्षक से कहा कि बिना वैध कारण मरीजों को रेफर किया जाता है तो संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
ओपीडी के एक-एक वार्डों का उपायुक्त व उप विकास आयुक्त ने किया अवलोकन
निरीक्षण के दौरान डीसी ने जीएनएम बिल्डिंग में संचालित मेडिसिन ओपीडी,एक्सरे एवं अल्ट्रासाउंड,दवा वितरण केंद्र,नेत्र ओपीडी,सर्जरी ओपीडी,ऑर्थो ओपीडी,कान नाक गला ओपीडी,चर्म रोग ओपीडी,दंत रोग ओपीडी,पैथोलॉजी सहित अन्य वार्डों का निरीक्षण कर सभी वार्डों में प्रतिनियुक्ति चिकित्सकों की जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी वार्ड से लेकर ओपीडी वार्डों के रजिस्टर की जांच की।उन्होंने रजिस्टर के माध्यम से यह अवलोकन किया कि रजिस्टर में दर्ज रोस्टर के अनुसार चिकित्सकों की मौजूदगी है कि नहीं। उन्होंने कहा कि किस डॉक्टर की ड्यूटी किस दिन होती है से संबंधित जानकारी ओपीडी के बाहर चस्पा करने की बात कही।
मौके पर उपरोक्त के अलावा उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, सिविल सर्जन डॉ अनिल, प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर,डॉ आर.के रंजन समेत अन्य उपस्थित रहे।